भारतीय शिक्षण मंडल, पंजाब प्रांत (चंडीगढ़) द्वारा एक दिवसीय परिचायक वर्ग का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR), सेक्टर-26, चंडीगढ़ में किया गया। इस परिचायक वर्ग में पंजाब के विभिन्न जिलों से कुल 75 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की, जिनमें 15 महिलाएँ सम्मिलित रहीं। वर्ग में विद्यार्थी, प्राध्यापक तथा गैर-शिक्षण अधिकारी शामिल हुए।
यह परिचायक वर्ग 24 जनवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे प्रारंभ होकर 25 जनवरी 2026 को अपराह्न 1:00 बजे तक चला। कार्यक्रम के अंतर्गत कुल पाँच सत्रों का आयोजन किया गया। वर्ग अधिकारी के दायित्व का निर्वहन डॉ. मनोज कुमार जी द्वारा किया गया।



प्रथम सत्र में परिचायक वर्ग के उद्देश्य विषय पर डॉ. अजय रावल जी (अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री) ने संगठन के लक्ष्यों एवं कार्य-दृष्टि पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र में डॉ. अमित दत्ता (निदेशक, AICTE) ने भारतीय शिक्षा दर्शन विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। तृतीय सत्र में डॉ. दिलीप कुमार जी (उत्तर क्षेत्र संयोजक, भारतीय शिक्षण मंडल) ने भारतीय शिक्षा पद्धति पर प्रेरणादायक एवं विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रातः योगाभ्यास से हुआ। चतुर्थ सत्र में गणपति जी (संगठन मंत्री, पंजाब प्रांत) ने कार्य, कार्यक्रम एवं कार्य विभाग की संरचना तथा भारतीय शिक्षण मंडल की गतिविधियों को स्पष्ट किया। समापन सत्र में डॉ. राजीव आहूजा जी (अध्यक्ष, भारतीय शिक्षण मंडल, पंजाब प्रांत) ने सभी प्रतिभागियों एवं वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। समग्र रूप से यह परिचायक वर्ग अत्यंत प्रेरक, अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण सिद्ध हुआ, जिससे प्रतिभागियों को भारतीय शिक्षण मंडल की कार्य-पद्धति को समझने की स्पष्ट दिशा प्राप्त हुई।
